बैतूल , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में इलाज के बहाने आदिवासी युवती से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक निजी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुलताई थाना पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 2 अप्रैल को थाना मुलताई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह उपचार के लिए प्रभात पट्टन स्थित एक निजी क्लिनिक में गई थी, जहां आरोपी डॉक्टर ने जांच के बहाने क्लिनिक का दरवाजा बंद कर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर अश्विन मालवीय को उसके क्लिनिक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि महिला संबंधी अपराधों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित