बैतूल , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह अलग-अलग तिथियों में आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोजन को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और गरिमामय तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है, इसलिए सभी पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत बैतूल में सामूहिक विवाह-निकाह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बैतूल, आठनेर, आमला जनपद पंचायतों के साथ नगर पालिका बैतूल, बैतूल बाजार, आठनेर और आमला क्षेत्र के हितग्राही शामिल होंगे।
इसी क्रम में 29 अप्रैल को जनपद पंचायत भीमपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें भैंसदेही और भीमपुर जनपद पंचायत तथा नगर परिषद भैंसदेही के हितग्राही भाग लेंगे। वहीं 30 अप्रैल को जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी में आयोजन होगा, जिसमें घोड़ाडोंगरी, शाहपुर, चिचोली जनपद पंचायतों के साथ नगर परिषद घोड़ाडोंगरी, शाहपुर, चिचोली और सारणी क्षेत्र शामिल रहेंगे।
इसके अतिरिक्त 5 मई को जनपद पंचायत मुलताई में सामूहिक विवाह-निकाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभात पट्टन, मुलताई जनपद पंचायत और नगर पालिका मुलताई के हितग्राही सम्मिलित होंगे। कलेक्टर ने सभी विभागों को पंजीयन, सत्यापन और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोजन स्थलों पर पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित