बैतूल , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल बाजार थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सोहागपुर निवासी अमृतराव पांडे ने 02 फरवरी 2026 को बैतूल बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 01 फरवरी को सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह खेत पर गए थे। घर पर ताला लगा था, जबकि उनकी पत्नी और बहू एक पारिवारिक कार्यक्रम में बैतूल गई थीं। शाम करीब पांच बजे लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।

घर के अंदर अलमारियों के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर सोने की सोहागमाला, पेंडल, दो लेडीज अंगूठियां, दो जोड़ी झुमके, चांदी की पायल, बच्चे के चांदी के आभूषण और सोने का नाक का मुखड़ा सहित अन्य सामान गायब मिला। पुलिस ने अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर 07 अगस्त को जितेन्द्र उर्फ मंजले विश्वकर्मा (25), निवासी भटेरा, नरसिंहपुर और बबलू उर्फ कृष्णकुमार चौरे (40), निवासी नीलकंठी, छिंदवाड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम के आधार पर बबलू के कब्जे से सोने की सोहागमाला, पेंडल, एक जोड़ी चांदी की पैरपट्टी और सोने की अंगूठी बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने लोगों से घर बंद कर बाहर जाते समय मजबूत ताले, सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित