बैतूल , अगस्त 02 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गौवंश तस्करी के एक मामले में गौ रक्षा दल के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बीजादेही थाना पुलिस ने गौवंश से भरी दो पिकअप पकड़ने के मामले में गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर भौंरा निवासी हर्षित सोनी को भी नामजद किया है। उन पर गौ तस्करी में सहयोग करने और वाहनों की पायलटिंग करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात राष्ट्रीय हिन्दू सेना की सूचना पर बीजादेही पुलिस ने नीमिया टांडा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए गौवंश से भरी दो पिकअप को पकड़ा था। दोनों वाहनों से 10 गौवंश बरामद किए गए। इस दौरान पुलिस ने माखन नगर (जिला नर्मदापुरम) निवासी सफील खां को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी सफील खां ने पुलिस को बताया कि दोनों पिकअप में सवार लोग गौवंश को परतवाड़ा ले जा रहे थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि भौंरा निवासी हर्षित सोनी बोलेरो वाहन से आगे-आगे चल रहा था और रास्ते में पुलिस या अन्य लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए वाहनों को सुरक्षित निकालने में मदद कर रहा था। आरोपी के अनुसार उसकी जिम्मेदारी खेड़ी तक दोनों वाहनों को पास कराना थी।
पुलिस ने इस मामले में हर्षित सोनी और सफील खां के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, मध्य प्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान गौवंश से भरी एक पिकअप ने पीछा कर रहे राष्ट्रीय हिन्दू सेना के कार्यकर्ता योगेश यादव के बोलेरो वाहन को कथित रूप से रिवर्स लेकर टक्कर भी मारी थी। इस घटना के आधार पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि हर्षित सोनी को करीब 10 दिन पहले, 21 जुलाई को, गौ रक्षा दल मध्य प्रदेश का बैतूल जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके खिलाफ गौ तस्करी में सहयोग के आरोप सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एफआईआर आरोपी के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर दर्ज की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित