बैतूल , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने उड़ीसा कनेक्शन तोड़ते हुए गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार 26-27 मार्च की दरम्यानी रात नेशनल हाईवे पर सोना घाटी चौकी के पास एक वाहन से गांजा ले जाते हुए रामेश्वर विश्वकर्मा और मुकेश जावलकर को गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल परते को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सब्जी की गाड़ी लेकर उड़ीसा जाता था और लौटते समय गांजा लाकर अपने साथियों को सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस अभियान में निरीक्षक देवकरण डेहरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को सफल बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित