बैतूल , जुलाई 2 -- खरीफ मौसम 2026 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बैतूल जिले में एक जुलाई से फसल बीमा अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत पूरे जिले में एक से 31 जुलाई तक "फसल बीमा माह" मनाया जाएगा, जिसमें किसानों को योजना की जानकारी देकर बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास के सभाकक्ष में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि सुरेन्द्र पराते, बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक, कृषि विस्तार अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार खरीफ 2026 के लिए अधिसूचित फसलों पर किसानों द्वारा देय प्रीमियम राशि प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। इसके तहत सोयाबीन के लिए 850 रुपये, मक्का के लिए 722 रुपये, सिंचित धान के लिए 838 रुपये, असिंचित धान के लिए 660 रुपये तथा अरहर के लिए 740 रुपये प्रीमियम निर्धारित किया गया है। फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।
उन्होंने बताया कि अऋणी किसान अपनी निकटतम बैंक शाखा, सहकारी समिति, अधिकृत चैनल, जन सेवा केंद्र अथवा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए बैंक पासबुक, आधार कार्ड, फसल बुवाई प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी दस्तावेज तथा बटाईदार अथवा किराये की भूमि के मामले में भूमि स्वामी का शपथ पत्र आवश्यक होगा। कृषि विभाग ने किसानों से समय सीमा के भीतर फसल बीमा कराकर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित नुकसान से सुरक्षा का लाभ लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित