बैतूल , सितंबर 05 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-आशापुर राजमार्ग पर स्थित भीमपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय माकड़ा में शनिवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाये जाने पर शिक्षकों को फटकार लगायी और तत्काल सुधार करने के निर्देश दिये। श्री सोनवणे एक सप्ताह में दूसरी बार इस विद्यालय में पहुंचे थे। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर, शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान भीमपुर प्रखंड के विद्यालयों के भवनों की स्थिति और बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने बीआरसी के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। स्कूलों में बिजली, पर्याप्त रोशनी, पंखे सहित आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत चिखली के प्रभारी सचिव निलेश नंदा को स्कूल की अधोसंरचना के विकास के लिए प्रकरण तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने को कहा। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत माकड़ा स्कूल में प्रस्तावित और किए जा रहे उन्नयन कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल स्कूल भवनों का उन्नयन नहीं, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित