बैतूल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश शासन की करियर काउंसलिंग योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए बैतूल जिला रोजगार कार्यालय ने करियर काउंसलर्स एवं विषय-विशेषज्ञों के पैनल गठन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पर्याप्त आवेदन प्राप्त नहीं होने के कारण आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित करियर काउंसलर्स प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार, छात्रवृत्ति, प्रवेश प्रक्रिया तथा रोजगार प्रशिक्षण से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। प्रत्येक काउंसलिंग दिवस के लिए चयनित काउंसलर्स एवं विषय-विशेषज्ञों को एक हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मनोवैज्ञानिक पद के लिए मनोविज्ञान विषय में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर, कला संकाय के विषय-विशेषज्ञ के लिए पीएचडी या एमफिल तथा तकनीकी विषयों के लिए आईटीआई, डिप्लोमा अथवा डिग्री अनिवार्य है। मेडिकल क्षेत्र के लिए एमबीबीएस, बीएचएमएस या संबंधित विषय में स्नातकोत्तर योग्यता निर्धारित की गई है।
विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों के लिए स्नातक अथवा स्नातकोत्तर डिग्री के साथ करियर मार्गदर्शन, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षा या रोजगार प्रशिक्षण के क्षेत्र में अनुभव भी आवश्यक होगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का समिति द्वारा मेरिट के आधार पर परीक्षण कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। आवेदन संबंधी अधिक जानकारी कार्यालयीन समय में जिला रोजगार कार्यालय, बैतूल से प्राप्त की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित