बैतूल , अक्टूबर 20 -- विजयादशमी के अवसर पर बैतूल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पथ संचलन निकाला। वहीं, पुलिस लाइन में पारंपरिक रूप से शस्त्रों और पुलिस वाहनों का पूजन किया गया।
संघ का पथ संचलन न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड से शुरू होकर देशबंधु, मोती, गांधी और दुर्गा वार्ड सहित निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए वापस मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में गंजबासौदा के जिला प्रचारक एवं प्रांत साल प्रमुख राजकुमार बघेल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। नगर संघ चालक संजय, शिवाजी बस्ती प्रमुख दीपक सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्वयंसेवक शामिल हुए। संघ के अनुसार, 25 और 26 अक्टूबर को नगर की 12 बस्तियों में भी अलग-अलग पथ संचलन आयोजित किए जाएंगे।
इधर, पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों का पूजन किया। इस दौरान पुलिस वाहनों की भी पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, कमलेश खरपुरे, एसडीएम अभिजीत सिंह और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित