बैतूल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आधार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और नागरिकों को त्रुटिरहित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी ने आधार ऑपरेटरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।

ई-दक्ष केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में आधार नामांकन, डेटा गुणवत्ता और एक्सेप्शन हैंडलिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य आधार डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करना, नामांकन एवं अपडेट प्रक्रिया में होने वाली सामान्य त्रुटियों को कम करना तथा ऑपरेटरों की कार्य दक्षता बढ़ाना था।

मास्टर ट्रेनर दिनेश पवार ने प्रतिभागियों को आधार डेटा गुणवत्ता, नामांकन एवं अपडेट की प्रक्रिया, एक्सेप्शन हैंडलिंग तथा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधार सेवाओं में छोटी-सी त्रुटि भी नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप सावधानीपूर्वक पूरी की जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित