बैतूल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर और चिचोली क्षेत्रों में शुक्रवार को लगी आग की अलग-अलग घटनाओं में 20 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के पीछे बिजली लाइनों में स्पार्किंग और खेतों में जलाई गई नरवाई को कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
शाहपुर विकासखंड के सांगवानी गांव में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 एकड़ क्षेत्र में फैल गई। इस दौरान लगभग 3 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। किसान बिहारीलाल कासदे का प्रधानमंत्री आवास भी आग की चपेट में आ गया तथा खेत में रखी गेहूं की ढेरियां भी जलकर नष्ट हो गईं।
शाहपुर के सिलपटी गांव में भी लगभग 3 एकड़ खेत में आग लगने की घटना सामने आई, हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा नुकसान टल गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की सहायता से मेढ़ काटकर आग को फैलने से रोक लिया।
चिचोली क्षेत्र के हर्राई गांव में 11 केवी लाइन में स्पार्किंग से आग फैल गई, जिसने करीब 15 एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि स्थानीय लोगों के प्रयासों से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और आसपास की फसल को बचा लिया गया। घटना के दौरान दमकल के देर से पहुंचने को लेकर भी सवाल उठे हैं। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन की मांग की है। प्रशासन के अनुसार प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित