बैतूल , मई 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कोतवाली पुलिस ने आईपीएल मैच में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन, सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़ी पर्चियां और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई को शहर में चल रहे अवैध सट्टा कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले में आईपीएल सट्टा गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शाहपुर के ठाकुर मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय शेख सरफराज उर्फ रिंकू शिकारी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब वह रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच चल रहे मैच पर 'क्रिकेट गुरु' ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा लगा रहा था।
थाने में पूछताछ और मोबाइल की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अप्रैल से लगातार आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन, सट्टे के हिसाब की पर्चियां, एक पेन और 3500 रुपये नकद जब्त किए हैं।
इस मामले में आरोपी सरफराज के साथ पंकज पटेल, पंकू नाई और ललित रघुवंशी सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी सट्टा एक्ट की धारा 4(क) और बीएनएस की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक बसंत अहके सहित अन्य जवानों की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित