बैतूल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनन और गौण खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने रेत और मुरूम के अवैध परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है। दोनों प्रकरणों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए मामले अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर खनिज विभाग ने 18 और 19 जुलाई को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में मुरूम का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक डंपर जब्त किया गया। जब्त वाहन को पुलिस चौकी घोड़ाडोंगरी की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी दौरान बैतूल क्षेत्र के ग्राम खेड़ीसांवलीगढ़ के पास खनिज रेत का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर पुलिस चौकी खेड़ीसांवलीगढ़ की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाई जा सके।
अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर प्रकरण सुनवाई के लिए अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने खनिज कारोबार से जुड़े लोगों और वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित