बैतूल , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश में बैतूल कोतवाली पुलिस ने अड़ीबाजी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी राहुल उईके (20) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सोनाघाटी निवासी रमेश बामने ने 14 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि साइकिल से धक्का लगने की बात पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर पैसों की मांग की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने घटना के दिन ही सह-आरोपी सुमित उईके को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि राहुल उईके फरार था। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने 17 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित