बैतूल , अक्टूबर 16 -- बैतूल के बडोरा क्षेत्र स्थित कृषि उपज मंडी के बाहर शुक्रवार को सोयाबीन, मक्का और गेहूं की भारी आवक तथा नवरात्र के दौरान बढ़ी भीड़ के चलते भीषण जाम लग गया। मुख्य मार्ग पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगने से एंबुलेंस सहित सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे। इससे मरीजों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंडी में फसल बेचने पहुंचे किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और ट्रकों की लंबी कतारों के कारण यातायात बाधित हुआ। जाम का असर बैतूल शहर के अलावा मुलताई और आठनेर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी पड़ा। कारों, दोपहिया वाहनों और यात्री बसों को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने बडोरा क्षेत्र में अतिक्रमण तथा यातायात प्रबंधन की कमी को जाम की प्रमुख वजह बताया। उनका कहना है कि फसल आवक और त्योहारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी।
खबर लिखे जाने तक यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन जाम खुलवाने में जुटे थे। नागरिकों ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए मंडी के बाहर व्यवस्थित पार्किंग और यातायात डायवर्जन की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित