बैतूल , सितंबर 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल पुलिस को अपराधों की जांच और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर वैन को कार्यस्थल के लिए रवाना किया। इससे गंभीर अपराधों की घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल की तकनीकी शाखा द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ जिला वैज्ञानिक अधिकारियों को घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य के त्वरित और व्यवस्थित संकलन के लिए मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में बैतूल पुलिस को भी यह सुविधा मिली है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह, जिला सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी, रक्षित निरीक्षक प्रदीप सूर्यवंशी, एमटीओ हरि वर्मा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और एफएसएल स्टाफ मौजूद रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन की उपलब्धता से गंभीर आपराधिक घटनाओं के घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया अधिक त्वरित और प्रभावी होगी। घटनास्थल पर ही साक्ष्यों का व्यवस्थित संकलन, संरक्षण और प्राथमिक परीक्षण होने से अपराधों की वैज्ञानिक विवेचना में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य न्यायालयीन प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन में सीसीटीवी और निगरानी उपकरण, लैपटॉप, प्रिंटर, डीएसएलआर कैमरा, विभिन्न जांच किट, डीएनए नमूना संग्रह किट, फिंगरप्रिंट किट, नमूना संग्रह एवं पैकेजिंग सामग्री तथा नारकोटिक्स डिटेक्शन किट सहित अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं।
पुलिस के अनुसार वैन से घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी, फिंगरप्रिंट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन और नमूनों का सुरक्षित संग्रहण अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा। इससे साक्ष्यों के संरक्षण में होने वाली देरी कम होगी और गंभीर अपराधों की विवेचना को वैज्ञानिक आधार मजबूत मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित