बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश में बैतूल नगर पालिका परिषद को नगर निगम का दर्जा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए परिषद की बैठक में नगर निगम गठन संबंधी प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। प्रस्ताव में नगर परिषद बैतूल बाजार के साथ आसपास की 26 ग्राम पंचायतों को विस्तारित नगरीय क्षेत्र में शामिल करने की योजना है।
नगर पालिका परिषद की बैठक में कुल 31 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इनमें एजेंडा क्रमांक छह पर नगर निगम गठन का विषय रखा गया है। परिषद से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार नगर निगम गठन के लिए आवश्यक प्रारंभिक दस्तावेज और प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं। प्रस्ताव में जनसंख्या संबंधी आंकड़े, क्षेत्रीय नक्शा, राजस्व रिपोर्ट, संपत्तिकर विवरण, विकास योजनाएं तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के अभिमत शामिल किए जाएंगे। विस्तृत प्रतिवेदन तैयार होने के बाद इसे कलेक्टर के माध्यम से राज्य शासन को भेजा जाएगा।
प्रस्तावित नगर निगम क्षेत्र में नगर परिषद बैतूल बाजार के अलावा कढ़ाई, दनोरा, बडोरा, आरूल, बाजपुर, खेड़ली, मरामझिरी, टेमनी, जामठी, खेड़ला, डहरगांव, खेड़ी सांवलीगढ़, महदगांव, भडूस, कुम्हारटेक, भोगीतेढ़ा, रोंढा, सूरगांव, भरकावाड़ी, खण्डारा, मलकापुर, मिलानपुर, बयावाड़ी, ढोंढवाड़ा और खड़ला सहित 26 ग्राम पंचायतों को शामिल करने का प्रस्ताव है।
नगर निगम गठन के लिए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित विभिन्न मानदंडों को पूरा करना आवश्यक होगा। इनमें न्यूनतम तीन लाख जनसंख्या, 60 प्रतिशत सघन आबादी, पर्याप्त राजस्व स्रोत, संपत्तिकर के दायरे में पर्याप्त भवन, जल प्रदाय व्यवस्था, विकसित सड़क एवं नाली तंत्र तथा विद्युत सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
इसके अलावा स्थानीय निकाय का स्वयं का राजस्व निर्धारित सीमा से अधिक होना चाहिए तथा क्षेत्र में गैर-कृषि गतिविधियों का पर्याप्त स्तर भी आवश्यक है। प्रस्तावित क्षेत्र में शामिल ग्राम पंचायतों के पास प्रशासनिक कार्यों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध होना भी जरूरी है।
परिषद द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद प्रशासनिक परीक्षण, प्रतिवेदन तैयार करने और शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नगर पालिका परिषद की यह बैठक बैतूल को नगर निगम का दर्जा दिलाने की दिशा में पहला औपचारिक कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित