बैतूल , जून 29 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को बैतूल जिले के दौरे के दौरान सतलोक आश्रम में सेवा कार्यों में भाग लिया। इसके बाद भोपाल लौटते समय उन्होंने एक किसान के साथ खेत में हल चलाकर खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटवारी उड़दन स्थित सतलोक आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय महा समागम में पहुंचे। वहां उन्होंने श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए बर्तन धोए, लंगर के लिए पूड़ियां तलीं और प्रसाद वितरण में सहयोग किया। उन्होंने आश्रम परिसर का भ्रमण भी किया।

आश्रम से निकलने के बाद पटवारी बैतूल पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा से मुलाकात कर जिला कांग्रेस कार्यालय के लिए हाल ही में उपलब्ध कराई गई भूमि का निरीक्षण किया तथा भवन निर्माण से संबंधित विषयों पर चर्चा की।

भोपाल लौटते समय रास्ते में उन्होंने सड़क किनारे खेत में जुताई कर रहे किसान सकल धुर्वे से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने खेती की लागत, फसलों और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली तथा कुछ देर तक स्वयं हल चलाकर किसान का सहयोग किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने बताया कि पटवारी का बैतूल दौरा निजी था। इसी कारण इसकी पूर्व सूचना पार्टी कार्यकर्ताओं को नहीं दी गई थी और मीडिया प्रचार से भी परहेज रखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित