बैतूल , अक्टूबर 10 -- भारत में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में 12 अक्टूबर से चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनगणना कार्य से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य जनसंख्या गणना का कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।
जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित होने वाला यह प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष, बैतूल में होगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रियाओं, दायित्वों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 और 13 अक्टूबर को जिला स्तरीय जनगणना अधिकारियों तथा ग्रामीण चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। इसके बाद 14 और 15 अक्टूबर को नगरीय चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी प्रशिक्षण दिवसों में समय सुबह 9:30 बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक शामिल होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रशिक्षण में तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी के साथ संबंधित लिपिक और तकनीकी सहायक भाग लेंगे।
इसी तरह, नगरीय क्षेत्रों के प्रशिक्षण में मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक शामिल होंगे। जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश की प्रशिक्षक सुश्री शालिनी वर्मा और सुश्री श्रुति पाटीदार प्रशिक्षण प्रदान करेंगी।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य के संचालन और निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने के साथ कार्य में समन्वय बनाए रखने की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि जनसंख्या गणना के दौरान किसी तरह की त्रुटि की आशंका कम हो और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित