बैतूल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न पर आयोजित वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें दोनों कक्षाओं का प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है।

शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 95.18 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के लगभग 92 प्रतिशत की तुलना में करीब तीन प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार कक्षा 8वीं का परिणाम 94.22 प्रतिशत रहा, जो बीते वर्ष के लगभग 90 प्रतिशत से चार प्रतिशत अधिक है।

आंकड़ों के मुताबिक कक्षा 5वीं में कुल 23 हजार 71 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 22 हजार 550 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 21 हजार 464 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। वहीं कक्षा 8वीं में 22 हजार 173 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ, जिनमें से 21 हजार 295 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 20 हजार 64 विद्यार्थी सफल रहे।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। विभिन्न स्कूलों में छात्रों ने एक-दूसरे को बधाई दी और शिक्षकों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परिणामों में सुधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, सतत मूल्यांकन और विद्यार्थियों के लिए संचालित विशेष शैक्षणिक कार्यक्रमों का परिणाम है।

इस बीच आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। विभाग ने सभी स्कूलों को 30 मार्च तक साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। 31 मार्च को शिक्षकों की बैठक आयोजित कर नए सत्र की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जबकि एक अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत होगी। प्रवेशोत्सव के तहत सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित