बैतूल , मई 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल परिसर में 84.98 लाख रुपये की लागत से निर्मित 30 बिस्तरीय विश्रामालय का लोकार्पण आज केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने किया। इस अवसर पर बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, आमला विधायक योगेश पंडाग्रे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री उईके ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी तथा सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को अब अस्पताल परिसर में ही ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां भोजन सहित अन्य आवश्यक सेवाएं भी न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने और सांसद श्री उईके ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर विश्रामालय निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद श्री प्रधान ने अपनी राज्यसभा निधि से राशि स्वीकृत की, जिससे यह परियोजना साकार हो सकी।

उन्होंने कहा कि विश्रामालय का संचालन रोगी कल्याण समिति द्वारा किया जाएगा तथा यहां न्यूनतम शुल्क पर आवास की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही परिसर में अतिरिक्त शेड, विश्राम कक्ष और स्वल्पाहार केंद्र भी विकसित किए जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि विश्रामालय के निर्माण पर कुल 84.98 लाख रुपये व्यय हुए हैं और इससे अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित