बैतूल , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कोठी बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान 17 मामलों में कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया और लोगों को सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अभियान के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वाले चालकों, मार्ग में बाधा बन रहे ठेला संचालकों और दुकानों के बाहर सामान फैलाकर रखने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। क्षेत्र में अतिक्रमण और गलत पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन को परेशानी होती है।
कार्रवाई के दौरान 12 वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि पांच व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इस अभियान में यातायात पुलिस ने भी सहयोग किया।
इसके अलावा नाली निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर निर्माण सामग्री अव्यवस्थित रूप से रखने पर ठेकेदार के खिलाफ भी पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है, साथ ही इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित