बैतूल , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े को उनके पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा को आगामी आदेश तक प्रभारी सीएमएचओ नियुक्त किया गया है।
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा डॉ. हुरमाड़े को 09 जुलाई 2026 को आठ पृष्ठों का आरोप-पत्र जारी किया गया था। विभागीय जांच के दौरान उन पर लगाए गए तीन प्रमुख आरोप प्रथम दृष्टया सत्यापित पाए गए थे। आरोपों के अनुसार बिना विज्ञापन या सार्वजनिक सूचना के नियमों की अनदेखी कर 'ज्यूस इंटरप्राइजेज भोपाल' को टेंडर दिया गया था।
आरोप-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया था कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉकों में 250 ग्रुप-डी आउटसोर्स कर्मचारी तैनात होने के बावजूद दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 का वेतन 450 कर्मचारियों के नाम पर आहरित किया गया। इसमें लेखापाल भीमराव लोखंडे की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है।
जांच में नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति व्यक्ति एक से डेढ़ लाख रुपये तक की अवैध वसूली के आरोप भी सामने आए। इसके अलावा टेंडर नियमों की अनदेखी, वाहनों के संचालन में गड़बड़ी और सफाईकर्मियों को निर्धारित कलेक्ट्रेट दर के बजाय कम मानदेय दिए जाने जैसी अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया था।
सोमवार को जारी आदेश के तहत डॉ. संजीव शर्मा को आगामी आदेश तक प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है। डॉ. शर्मा पिछले 15 वर्षों से बैतूल जिले में सेवाएं दे रहे हैं और विभिन्न ब्लॉकों में बीएमओ तथा डीएचओ के रूप में कार्य कर चुके हैं। डॉ. हुरमाड़े की नई पदस्थापना के संबंध में विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित