बैतूल , जुलाई 08 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल बाजार के विद्यार्थियों ने 15 दिवसीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रशिक्षण के दौरान 'सोल मेट' (Sole Mate) नामक ऐप विकसित किया है। यह ऐप विशेष रूप से मधुमेह के मरीजों और खिलाड़ियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त फुटवियर चुनने में सहायता करेगा।
विद्यालय की छात्राओं मयूरी पद्माकर, रूपाली पवार, फाल्गुनी साहू और भाग्यश्री भारती पवार ने एआई स्टूडियो प्लेटफॉर्म का उपयोग कर इस ऐप का निर्माण किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने समस्या-आधारित समाधान विकसित करने के लिए आधुनिक एआई तकनीकों का उपयोग करना सीखा।
प्रशिक्षण कार्यशाला में विद्यार्थियों को चैटजीपीटी, क्लाउड, जैमिनी तथा अन्य एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही नोटबुकएलएम की सहायता से क्विज तैयार करने और एआई आधारित सामग्री निर्माण की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ जिम्मेदार और सुरक्षित डिजिटल नागरिक के रूप में तैयार करना था।
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को एआई के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया तथा व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी किसी भी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही एआई से प्राप्त जानकारी का उपयोग करने से पहले उसके सत्यापन की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप भविष्य में कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से 15 दिवसीय एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता को बढ़ावा देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित