बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के उभरते हॉकी खिलाड़ी भावेश धोटे का चयन हॉकी मध्यप्रदेश की जूनियर राष्ट्रीय पुरुष टीम में हुआ है। वह आगामी जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हॉकी बैतूल के सचिव एवं हॉकी मध्यप्रदेश के संयुक्त सचिव जगेंद्र तोमर ने बताया कि जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप की तैयारियों के तहत 23 जुलाई से भोपाल में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें भावेश धोटे भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के बाद हॉकी मध्यप्रदेश की टीम 28 जुलाई को तमिलनाडु के कोयंबतूर के लिए रवाना होगी, जहां जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।

हॉकी बैतूल के अध्यक्ष अक्षय वर्मा ने भावेश धोटे के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भावेश राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बैतूल और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

भावेश के चयन पर हॉकी बैतूल के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील सहित विभिन्न खेल पदाधिकारियों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित