बैतूल , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मासोद निवासी 28 वर्षीय पीटी शिक्षक नितेश सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें भोपाल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

नितेश की शादी इसी वर्ष 01 जुलाई को हुई थी और शादी को करीब 44 दिन ही हुए थे। वे छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र के कामठी में एक कमरे में रहकर खेल शिक्षक के रूप में कार्य कर रहे थे।

अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद नितेश के साथियों ने उन्हें छिंदवाड़ा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उस समय वे बेहोशी की हालत में थे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें भोपाल रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी जहरीले पदार्थ, विशेष रूप से सल्फास जैसे पदार्थ के सेवन की आशंका जताई गई है। हालांकि, किस पदार्थ का सेवन किया गया था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित रखा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मर्ग डायरी आगे की जांच के लिए मोहखेड़ थाने भेजी जाएगी।

नितेश के परिचितों के अनुसार वह मिलनसार और जिंदादिल स्वभाव के थे। उनके दोस्तों के साथ पार्टी करने और उसमें मशरूम का सेवन किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मशरूम या किसी अन्य पदार्थ का सेवन मौत से संबंधित था या नहीं, यह जांच का विषय है। पुलिस बिसरा रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही नितेश की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित