बैतूल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल स्थित शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) के दो विद्यार्थियों ने क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम की अखिल भारतीय परीक्षा में अपने ट्रेड में ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है।
संस्था के अनुसार, फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ट्रेड में कु. रानी ने 600 में से 551 अंक और आयुष इवने ने 600 में से 545 अंक प्राप्त कर देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, कौशल विकास विभाग के संचालक बसंत कुर्रे, अतिरिक्त संचालक डी.एस. ठाकुर और क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के संयुक्त संचालक विवेक सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई दी। संस्था के प्राचार्य अजीश पंद्रे और नोडल आईटीआई प्राचार्य शुभम वानखेड़े ने भी सफल विद्यार्थियों तथा उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों की सफलता में संस्था के प्रशिक्षकों, प्रशिक्षण अधिकारियों, रिसोर्स पर्सन और अतिथि प्रवक्ताओं का मार्गदर्शन रहा। संस्था के संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को जिले में कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित