बैतूल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से गुजरने वाले तीन राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक चालकों के लिए आधुनिक ट्रक सुविधा केंद्र विकसित किए जाने की तैयारी है। प्रस्तावित केंद्रों के लिए प्लान इंडिया ने जिला प्रशासन से प्रत्येक स्थल पर तीन से चार एकड़ शासकीय भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

जिले से राष्ट्रीय राजमार्ग-46, राष्ट्रीय राजमार्ग-47 और राष्ट्रीय राजमार्ग-347बी गुजरते हैं, जिनसे प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं। वर्तमान में इन मार्गों पर ट्रक चालकों के लिए समुचित विश्राम और पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें सड़क किनारे अथवा ढाबों पर रुकना पड़ता है।

प्रस्ताव के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर भारत भारती से धार बैरियर के बीच, राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर कुरचना से चिचंडा के बीच तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-347बी पर हिवरखेड़ी से देसली के बीच तीन से चार एकड़ अविवादित शासकीय भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। भूमि आवंटन और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

प्रस्तावित ट्रक सुविधा केंद्रों में सुरक्षित पार्किंग, डॉरमिटरी, स्वच्छ शौचालय एवं स्नानघर, लॉन्ड्री, मेडिकल रूम, ओपन जिम, फिटनेस एरिया, ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग वर्कशॉप, प्रशिक्षण एवं परामर्श केंद्र तथा विश्राम कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा भोजन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए दुकानें भी संचालित होंगी।

जानकारों का मानना है कि इन केंद्रों के विकसित होने से ट्रक चालकों को सुरक्षित और व्यवस्थित विश्राम स्थल उपलब्ध होंगे, जिससे सड़क सुरक्षा और उनकी कार्यक्षमता में सुधार होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और आसपास अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के विकसित होने की भी संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित