बैतूल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दो युवा हॉकी खिलाड़ियों जितेंद्र कहार और हर्षित धोटे का 16वीं सब-जूनियर (अंडर-16) राज्य हॉकी टीम में चयन हुआ है।

दोनों खिलाड़ी कल से 12 अप्रैल तक झारखंड के रांची में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं की मजबूत उपस्थिति एक बार फिर सामने आई है।

दोनों खिलाड़ी साधारण मजदूर परिवार से ताल्लुक रखते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हॉकी बैतूल के सचिव जगेन्द्र सिंह तोमर के अनुसार, जितेंद्र और हर्षित पिछले 5-6 वर्षों से नियमित अभ्यास कर रहे हैं और मैदान पर उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया है।

कोच अजय मिश्रा और तपेश के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने अपने कौशल को निखारा। उनके प्रशिक्षण और अनुशासन का ही परिणाम है कि वे राज्य स्तर पर चयनित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित