बैतूल , अगस्त 16 -- मध्यप्रदेश में शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल की 61 छात्राएं रोजगार के लिए शनिवार को बेंगलुरु रवाना हुईं। कैंपस ड्राइव में चयनित इन छात्राओं को प्रतिष्ठित फॉक्सकॉन बेंगलुरु में क्वींस कार्प कंपनी के माध्यम से रोजगार मिला है। चयनित छात्राओं को 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ व्यवस्थित छात्रावास और नि:शुल्क भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कैंपस ड्राइव में कुल 80 छात्राओं का चयन हुआ था। इनमें से 61 छात्राओं का दल क्वींस कार्प कंपनी की प्रतिनिधि वंदना राजपाल के नेतृत्व में बेंगलुरु रवाना हुआ। शेष चयनित छात्राओं को भी इसी माह फॉक्सकॉन के लिए रवाना किया जाएगा। वहीं, संस्था की 10 छात्राएं इसी माह प्रतिभा सिंटेक्स इंदौर में रोजगार के लिए जा चुकी हैं।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने छात्राओं के चयन को जिले के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए कहा कि कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं को नए कार्यस्थल पर आत्मविश्वास और लगन के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

संस्था के प्राचार्य अजीश पंद्रे ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण के साथ बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना संस्था का प्रमुख लक्ष्य है। लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों में हो रहा चयन प्रशिक्षण और प्लेसमेंट प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।

जिला रोजगार अधिकारी श्याम कुमार धुर्वे ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण और प्रभावी प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बड़ी संख्या में छात्राओं का चयन अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

कैंपस ड्राइव के संयोजक एवं प्रशिक्षण अधीक्षक रेवाशंकर पंडाग्रे ने बताया कि प्लेसमेंट अधिकारी विवेक दायमा के साथ किए जा रहे निरंतर प्रयासों से छात्राओं को फॉक्सकॉन बेंगलुरु, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स होसूर, वीआई कमर्शियल भोपाल और प्रतिभा सिंटेक्स इंदौर जैसी कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 13 अगस्त को आईटीआई परिसर में छह ट्रेड भवन और 60 सीट वाले छात्रावास के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्राओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए थे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी थीं। विदाई अवसर पर संस्था परिवार, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट टीम और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित