बैतूल , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और जिले के प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने लोगो और फोटोग्राफी प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतियोगिता में जिले के नागरिकों, फोटोग्राफरों, विद्यार्थियों और पर्यटन प्रेमियों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागी बैतूल जिले के प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और रमणीय पर्यटन स्थलों के उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रतिभागियों को अपने फोटो निर्धारित ऑनलाइन माध्यम पर 15 अगस्त तक अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही बैतूल पर्यटन की विशिष्ट पहचान और विशेषताओं को प्रदर्शित करने वाले आकर्षक एवं मौलिक लोगो भी आमंत्रित किए गए हैं।

प्रतिभागी एक लोगो और एक फोटोग्राफ अपलोड कर सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल किए जाने वाले सभी लोगो और फोटोग्राफ पूर्णतः मौलिक होना अनिवार्य है। किसी अन्य व्यक्ति, संस्था या स्रोत से ली गई कॉपीराइट सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तुत सामग्री किसी अन्य के कॉपीराइट का उल्लंघन नहीं करनी चाहिए।

प्रतियोगिता के बाद चयनित लोगो और फोटोग्राफ के रचनाकारों को पर्यटन संबंधी कार्यक्रम के दौरान प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। चयनित सामग्री का उपयोग जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन के प्रचार-प्रसार, विभिन्न प्रकाशनों, डिजिटल माध्यमों और अन्य आधिकारिक गतिविधियों में किया जा सकेगा। चयन के बाद चयनित लोगो एवं फोटोग्राफ पर किसी भी प्रकार का कॉपीराइट दावा मान्य नहीं होगा।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जिले के नागरिकों, फोटोग्राफरों, विद्यार्थियों और पर्यटन प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैतूल प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों से समृद्ध है। स्थानीय लोगों की रचनात्मकता के माध्यम से इन स्थलों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है।

प्रशासन का मानना है कि प्रतियोगिता से बैतूल के पर्यटन स्थलों की बेहतर तस्वीर सामने आएगी और जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक अवसरों को भी गति मिल सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित