बैतूल/पन्ना , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल और पन्ना जिलों में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दोनों जिलों में पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारकों पर शहीद परेड आयोजित कर बलिदानी जवानों को सलामी दी गई और उनके परिजनों का सम्मान किया गया।
बैतूल पुलिस लाइन स्थित शहीद स्तंभ पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने शहीद जवानों के नामों का वाचन किया। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों और सात सैन्य एवं अर्धसैन्य बलों के 154 शहीद जवानों को स्मरण किया गया। शोक परेड में शामिल जवानों ने शस्त्र झुकाकर शहीदों को सलामी दी। इसके बाद अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में शहीद जवानों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
पन्ना पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मारक पर आयोजित शहीद परेड में पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने शहीद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। उपस्थित लोगों ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा ने किया। पुलिस बल की टुकड़ियों ने शहीदों को सलामी देकर उनके अमर बलिदान को याद किया।
पन्ना में इस अवसर पर शहीद एपीसी करण सिंह बघेल की धर्मपत्नी को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। बघेल एसएएफ की नौवीं बटालियन रीवा में पदस्थ थे और वर्ष 1994 में बालाघाट में तैनाती के दौरान नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।
बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चंद्र थपलियाल, सेवानिवृत्त कैप्टन सुमित सिंह, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, अपर जिलाधिकारी सहित पुलिस, होमगार्ड और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। शोक परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक प्रदीप रघुवंशी और उप निरीक्षक इरफान कुरैशी ने किया।
पन्ना के कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर उमराव सिंह मरावी, दक्षिण वनमंडल के वनमंडलाधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीना पाण्डेय, पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिसकर्मी, सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रमोद अवस्थी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित