बैतूल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड के अंतर्गत संचालित बैतूल जिले की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) भीमपुर और प्रभातपट्टन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए पंजीयन, चॉइस फिलिंग और काउंसलिंग की प्रक्रिया 25 जुलाई तक जारी रहेगी। संस्थाओं ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

आईटीआई भीमपुर के प्राचार्य ने बताया कि दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थी विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी संस्थान में उपस्थित होकर सीधे पंजीयन करा सकते हैं, जबकि नजदीकी कियोस्क सेंटर के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। वर्तमान में कोपा ट्रेड में 26, सोलर टेक्नीशियन में 16, फिटर में 12, विद्युतकार में आठ तथा कॉस्मेटोलॉजी में 10 सीटें रिक्त हैं। इन ट्रेडों में एक और दो वर्षीय पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आईटीआई प्रभातपट्टन में राउंड-3 और राउंड-4 काउंसलिंग के तहत प्रवेश, त्रुटि सुधार तथा चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया भी 25 जुलाई तक चलेगी। यहां विद्युतकार (एससीवीटी) ट्रेड में 21 तथा फिटर (एससीवीटी) ट्रेड में 13 सीटें रिक्त हैं। दोनों ट्रेडों में दो वर्षीय पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं।

प्राचार्य के अनुसार संस्थानों में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं तथा महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रवेश शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर अपनी पसंद के ट्रेड में प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी आईटीआई भीमपुर और आईटीआई प्रभातपट्टन के हेल्पडेस्क से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित