नयी दिल्ली , सितंंबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को विपक्षी दलों के प्रस्ताविक 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' को 'वंशवाद बचाओ मार्च' करार देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन बिखर चुका है और कोई पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना नेता मानने के लिए तैयार नहीं है।

श्री चौहान ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में 'इंडिया गठबंधन' की आज यहां हुई बैठक को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया और कहा कि देश को लग रहा था कि लगातार मिल रही चुनावी हार से सबक लेकर कांग्रेस अपनी गलतियों के लिए जनता से माफी मांगेगी और आत्ममंथन करेगी, लेकिन उसने तय कर लिया है कि वह अपने तौर-तरीके नहीं बदलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हों या श्री गांधी अपनी गलतियों के लिए माफी मांगने के बजाय भ्रम फैला रहे हैं, झूठ बोल रहे हैं और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कि जब भी चुनाव आते हैं, कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों पर सोचने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और राजनीतिकरण करने लगती है।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक शुरू होने से पहले ही गठबंधन बिखर गया। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में जहां चुनाव होने वाले हैं, वहां से समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव कहां थे? द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन कहां हैं? द्रमुक तो यहां तक कह चुकी है कि जहां कांग्रेस होगी, हम वहां बिल्कुल नहीं बैठेंगे। उन्होंने सवाल किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कहां हैं? शिवसेना (यूटीबी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे भी वर्चुअल रूप से जुड़े और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का तो कोई अता-पता ही नहीं है।

उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन की हालत ऐसी हो गयी है कि एक दिल के हजार टुकड़े हो गये हैं, कुछ इधर गिरे, कुछ उधर। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन श्री गांधी को नेता के रूप में स्वीकार करने के लिए भी तैयार नहीं है. लेकिन कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी श्री गांधी बार-बार कहते रहे, 'मुझ पर भरोसा कीजिए, मुझ पर विश्वास कीजिए।' उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि कांग्रेस को भी श्री गांधी पर भरोसा नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित