अंबिकापुर , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा है कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के योग्य कई वरिष्ठ नेता हैं और मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा।

सरगुजा संभाग में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के गुरुवार रात समापन के दौरान श्री बैज ने संवाददाताओं से चर्चा में आगामी विधानसभा चुनाव, कांग्रेस के नेतृत्व और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखी। सरगुजा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई नेता मुख्यमंत्री बनने के योग्य हैं। उन्होंने श्री चरण दास महंत, श्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और श्री ताम्रध्वज साहू का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी बड़े नेता मुख्यमंत्री बनने योग्य हैं। हालांकि प्रदेश में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका निर्णय अंततः पार्टी हाईकमान को ही करना होता है।

श्री बैज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी नजर आ रही है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस भाजपा की फील्डिंग सेट कर रही है, अभी बैटिंग शुरू नहीं हुई है और पहले ही भाजपा के विकेट गिरना शुरू हो गया है।" उन्होंने दावा किया कि राज्य में कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबरें सामने आ रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी श्री बैज ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने देश को क्या दिया है। श्री बैज ने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ी है तथा पेट्रोल, डीजल और गैस महंगे हो गए हैं।

इस बीच पूर्व उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने श्री बैज के मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चार नाम तो उन्होंने गिना दिए, लेकिन श्री बैज भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं, वे पीसीसी अध्यक्ष हैं और प्रोटोकॉल में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित