रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हसदेव अरण्य क्षेत्र के तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उसने इस कोल ब्लॉक की नीलामी के लिए केंद्रीय कोयला मंत्रालय से अनुशंसा क्यों की।

श्री बैज ने यहां पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद जल, जंगल और जमीन को निजी हितों के लिए सौंपा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि तारा कोल ब्लॉक की नीलामी केंद्र सरकार ने की है और यह ब्लॉक सीजी सिन-गैस एंड केमिकल्स लिमिटेड को मिला है। कांग्रेस के अनुसार यह कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहयोगी कंपनी मुंद्रा सिनर्जी लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी है।

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने 11 दिसंबर 2025 को तारा कोल ब्लॉक की नीलामी के संबंध में कोयला मंत्रालय को पत्र लिखा था। इसके विपरीत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 23 जून 2023 को तारा सहित नौ कोल ब्लॉकों को नीलामी से अलग रखने के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजा था।

श्री बैज ने कहा कि 26 जुलाई 2022 को छत्तीसगढ़ विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर हसदेव अरण्य में किसी भी नए कोल ब्लॉक का आवंटन या नीलामी नहीं करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने 16 जुलाई 2023 को उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दाखिल कर हसदेव अरण्य में किसी नई खदान के आवंटन या विकास की आवश्यकता नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद 19 अक्टूबर 2023 को केंद्रीय कोयला मंत्रालय ने तारा सहित 40 कोल ब्लॉकों को नीलामी प्रक्रिया से डीनोटिफाई किया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि तारा कोल ब्लॉक लगभग पांच हजार एकड़ क्षेत्र में फैला है, जिसमें चार हजार एकड़ से अधिक घना जंगल है। खनन शुरू होने पर बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की आशंका है। उन्होंने कहा कि लेमरू एलीफेंट रिजर्व के आसपास खनन गतिविधियों से हाथियों के आवागमन के रास्तों और अन्य वन्यजीव प्रजातियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

श्री बैज ने भाजपा के इस तर्क पर भी सवाल उठाया कि अभी केवल खदान की नीलामी हुई है और पर्यावरण सहित अन्य स्वीकृतियां बाकी हैं। उन्होंने राज्य सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि क्या वह तारा कोल ब्लॉक को पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए सहमति नहीं देने और वहां कोयला उत्खनन नहीं होने देने की गारंटी देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित