गोण्डा , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित इंडियन बैंक (पूर्व में इलाहाबाद बैंक) में चार करोड़ 69 लाख रुपये के गबन और जालसाजी के मामले में सन 1997 से 2020 के बीच तैनात रहे 69 कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) आनंद राय ने शनिवार को बताया कि इंडियन बैंक इम्प्लाइज यूनियन के सचिव रवींद्र कुमार श्रीवास्तव की शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, बैंक में वित्तीय अनियमितता, जालसाजी और धन के गबन के आरोपों की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 1997 से 2020 के बीच शाखा में कार्यरत रहे कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध रही है, जिसके चलते कुल 69 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

श्री राय ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि कथित गबन में किन-किन लोगों की क्या भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामला कई वर्षों से जुड़े वित्तीय लेन-देन से संबंधित है, इसलिए जांच में बैंक के रिकॉर्ड, खातों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित