बैकुंठपुर , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को बैकुंठपुर जिला अस्पताल परिसर में नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का भूमिपूजन तथा अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया।
समारोह में बैकुंठपुर के विधायक भैयालाल रजवाड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना विजय रजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नवीन नर्सिंग महाविद्यालय के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए। अधिकारियों ने बताया कि अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जांच रिपोर्ट सीधे चिकित्सकों तक पहुंचने के साथ ही मरीजों को मोबाइल पर भी उपलब्ध होगी। जिला अस्पतालों में 136, सिविल अस्पतालों में 111, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 75 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 64 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बैकुंठपुर के शरडी गांव में नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का निर्माण किया जाएगा, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री रजवाड़े ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से जिले की कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी मांगें पूरी हुई हैं। उन्होंने जिले में डेंटल कॉलेज और एम्स जैसी उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना की मांग भी रखी। साथ ही बताया कि सकरिया और मुरमा में दो नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से संचालित इन स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक परियोजनाओं से जिले में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ स्वास्थ्य शिक्षा को भी नई दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित