भरतपुर , मई 29 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के कुशालीपुरा में गुर्जर शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा के दौरान शुक्रवार को कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगाने को लेकर गुर्जर समाज और पुलिस-प्रशासन आमने-सामने हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। हालात के मद्देनजर सवाई माधोपुर से कलेक्टर कानाराम भी सभास्थल पर पहुंचे हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आज गुर्जर आरक्षण शहीद स्मारक पर गुर्जर समाज की तरफ से कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगाने की घोषणा की गयी थी। इस पर रणथंभौर बाघ अभयारण्य क्षेत्र में शहीद स्थल के निर्माण की प्रशासन ने मना कर दिया था। इस पर विवाद पैदा हुआ।

सूत्रों ने बताया कि इस मामले को लेकर कर्नल बैंसला के पुत्र विजय बैंसला गुर्जर ने पिपलखेड़ा में आंदोलन की बरसी पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते कहा कि मूर्ति यहीं लगाई जाएगी, लेकिन हमारी ओर से शांति बनाए रखी जाएगी। हम पहले किसी को नहीं छेड़ेंगे और कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे भी नहीं।

इस बीच प्रशासन की ओर से गुर्जर समाज को अन्य दूसरी जगह मूर्ति लगाने के लिए जमीन आवंटन की बात कही गई है, लेकिन गुर्जर समाज फ़िलहाल अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के नेता और लोगों के मौजूद होने से क्षेत्र में शांतिपूर्ण तनाव के हालात बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित