हमीरपुर , सितम्बर 24 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने से इंकार करने पर एक व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पिता की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के ग्राम पाराओझी में रमजान अपने वृद्ध पिता नवाब अली (84) से बैंक से ऋण लेने के लिये कई महीनों से केसीसी बनवाने की जिद कर रहा था मगर पिता बैंक से ऋण नही लेना चाहता था। इसी बात को लेकर गुरुवार को रमजान व नवाब में वाद विवाद हो गया, तभी घर मे रखी कुल्हाडी से रमजान ने अपने पिता पर कुल्हाडी से सिर पर कई वार किये जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी।
घटना के बाद हत्यारा पुत्र भाग जाने में सफल रहा। परिजनों ने बताया कि रमजान अक्सर अपने पिता से पैसे की मांग करता था जिससे आये दिन दोनो के बीच विवाद होता रहता था। घटना की जानकारी होने पर कोतवाली पुुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पडताल की। मृतक के पुत्र अजमुद्दीन ने हत्यारे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने की प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित