चेन्नई , मार्च 17 -- केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 4.66 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि आरोपी एम नागा कुमार उर्फ तमिल सेलवन, जांच के समय से ही फरार था और अपनी पहचान बदल कर चेन्नई में रह रहा था। ब्यूरो ने 29 सितंबर, 2015 को इंडियन बैंक, चेन्नई उत्तर क्षेत्र से मिली शिकायत के आधार पर आरोपी के राजेंद्रन, मालिक, मेसर्स श्री साई बाबा रियल एस्टेट्स एंड कंस्ट्रक्शन्स, मेसर्स सारथी और बालू, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अज्ञात सरकारी कर्मचारी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपियों ने अलग-अलग आवास रिण लेने के लिए नकली दस्तावेज जमा करके बैंक से 4.66 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी और नागा कुमार कर्ज लेने वालों में से एक था।
सीबीआई ने 14 मार्च, 2017 को नागा कुमार समेत 33 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।
सीबीआई ने नागा कुमार को ढूंढने के लिए एडवांस्ड टूल्स और बड़े फील्ड ऑपरेशन का इस्तेमाल करके मिलकर कोशिशें कीं। पता चला कि वह और उसकी पत्नी चेन्नई में नई पहचान के साथ रह रहे थे। नागा कुमार ने अपना नाम बदलकर तमिल सेलवन रख लिया था और उसी हिसाब से अपने सभी दस्तावेजों में बदलाव कर लिए थे।
सीबीआई ने नागा कुमार की पहचान की पुष्टि करने के लिए खुफिया ऑपरेशन किए और सोमवार शाम को उसे पकड़ लिया। उसे चेन्नई की एक अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित