बैतूल , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में सामने आए करीब 1.14 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले में पुलिस ने सहायक बैंक प्रबंधक की मां शीला गोखे (52) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला के बैंक खाते में कथित तौर पर 17,15,144 रुपये स्थानांतरित किए गए थे। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक एक विधि विरुद्ध बालक सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में की जा रही जांच के दौरान सामने आया कि शाखा के सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे की मां शीला गोखे के खाते में एक विधि विरुद्ध बालक के माध्यम से रकम स्थानांतरित की गई थी। पुलिस ने लेन-देन से संबंधित डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाने के बाद कार्रवाई की।
बोरदेही थाना पुलिस ने शीला गोखे, पत्नी गुलाबराव गोखे, निवासी ग्राम मोवाड, थाना नरखेड़, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और मुलताई एसडीओपी शिवकुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में घोटाले की राशि अन्य किन खातों में स्थानांतरित की गई और इसमें किन अन्य लोगों की भूमिका रही, इसका पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित