बैतूल , जून 08 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई पुलिस ने बैंक से नकदी निकालने वाले ग्राहकों की रेकी कर वाहनों की डिक्की तोड़कर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की राशि में से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई। ग्राम पोहर निवासी नरेन्द्र पवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन जून को उन्होंने मुलताई स्थित यूनियन बैंक से नकदी निकाली थी। उन्होंने 37 हजार रुपये मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे और अन्य कार्य से बैंक ऑफ महाराष्ट्र चले गए। वापस लौटने पर डिक्की का ताला टूटा मिला तथा नकदी गायब थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान विजय पिता आनंदराम नट (42) निवासी विजय नगर, काशपारा, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बैंकों के बाहर ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखता था और नकदी निकालने वालों का पीछा करता था। अवसर मिलने पर वह उनके वाहनों की डिक्की तोड़कर नकदी चोरी कर लेता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस प्रकार की वारदातों में संलिप्त है। प्रारंभिक जांच में उसके द्वारा छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर सहित अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं करने की जानकारी मिली है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके अन्य साथियों तथा पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

पुलिस ने नागरिकों से बैंक अथवा एटीएम से नकदी निकालने के बाद उसे वाहन की डिक्की या खुले स्थान पर नहीं रखने तथा संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित