इटावा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की एक छात्रा ने यूपी बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा प्रज्ञा भदौरिया ने 600 में से 582 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने गणित विषय में शत-प्रतिशत 100 अंक अर्जित किए हैं। प्रज्ञा के पिता सुरेंद्र सिंह बैंक में सुरक्षा कर्मी हैं, जबकि उनकी मां उपमा एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रा की इस सफलता से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है।

प्रज्ञा ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत को देते हुए कहा कि प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर वह बेहद खुश हैं। उनका सपना आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। छात्रा की मां उपमा ने भी बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि वह उसे आईपीएस अधिकारी के रूप में देखना चाहती हैं।

विद्यालय के प्रबंधक अनुज यादव ने कहा कि प्रज्ञा की इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव बढ़ा है और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित