बैतूल , जून 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में बैंक के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल की डिक्की से अज्ञात बदमाश एक लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पोहर-साइखेड़ा निवासी किसान नरेंद्र ने यूनियन बैंक से एक लाख रुपये निकाले थे। उन्हें यह राशि किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की किस्त जमा करने के लिए महाराष्ट्र बैंक में जमा करनी थी। बैंक पहुंचने के बाद उन्होंने नकदी बाइक की डिक्की में रख दी।

इसी दौरान अज्ञात युवक ने बाइक की डिक्की खोलकर नकदी निकाल ली और अपने एक साथी के साथ दूसरी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। घटना का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक डिक्की से नकदी निकालते हुए दिखाई दिया है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध युवकों की संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही लोगों से बैंक से बड़ी राशि निकालने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित