मुंबई , मई 08 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच बैंकों और वित्तीय कंपनियों में बिकवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही, विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का शेयर साढ़े छह प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 516.33 अंक (0.66 प्रतिशत) टूटकर 77,328.19 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 150.50 अंक यानी 0.62 प्रतिशत नीचे 24,176.15 अंक पर बंद हुआ।

वृहत बाजार में अधिकतर सूचकांक लाल निशान में रहे। हालांकि निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.06 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.22 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

उम्मीद से कमजोर तिमाही परिणाम के कारण भारतीय स्टेट बैंक का शेयर साढ़े छह फीसदी से अधिक गिर गया।

दूसरे प्रमुख एशियाई बाजारों में गिरावट से भी निवेश धारणा प्रभावित हुई। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजारों में भी गिरावट है।

बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों पर सबसे अधिक दबाव रहा। तेल एवं गैस, धातु और रियलटी समूहों के सूचकांकों पर भी दबाव रहा। आईटी समूह में सबसे अधिक लिवाली देखी गयी। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी निवेशकों ने पैसा लगाया।

एनएसई में जिन 3,384 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ उनमें से 1,782 के शेयर टूट गये जबकि 1,499 के हरे निशान में रहे। अन्य 103 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 16 में गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 6.62 फीसदी लुढ़क गया। एचडीएफसी बैंक में 1.84 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 1.80, एक्सिस बैंक में 1.78, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.62, एलएंडटी और महिंद्रा एंड महिंद्रा दोनों में 1.22, टाटा स्टील में 1.20, ट्रेंट में 1.14 और आईसीआईसीआई बैंक में 1.01 प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फिनसर्व, इटरनल और मारुति सुजुकी में भी गिरावट रही।

टाइटन का शेयर 4.76 प्रतिशत उछला। एशियन पेंट्स में 2.80 फीसदी, अडानी पोर्ट्स में 1.58, इंफोसिस में 1.44, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.28 और टेक महिंद्रा में 1.03 प्रतिशत की गिरावट रही। सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और इंडिगो के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित