उदयपुर , जून 24 -- पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्रशासित चंडीगढ के प्रशासक गुलाबचन्द कटारिया ने बुधवार को कहा कि बैंकों को शुद्धता के लिए लघु उद्योगों को वित्तीय सहायता देकर बढ़ावा देना चाहिये।

श्री कटारिया आज यहां सुखाडिया रंगमंच पर 'दी उदयपुर महिला समृद्धि अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड' की 32वीं आमसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। आम सभा में एक हजार से अधिक सदस्याओं एवं अतिथियों की उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि महिलाएं जो चाहे वो काम कर सकती है, वे घरों में बने भोजन, मसाले आदि बना करके लघु उद्योंग प्रारम्भ करें एवं बैंक उनको वित्तीय सहायता उपलब्ध करावें ताकि घर घर में शुद्धता पहुंचे।

श्री कटारिया ने बैंक को राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मानों पर बधाई देते हुए बैंक प्रारंभ करने में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को याद किया एवं कहा कि बैंक निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है इसे देखकर प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि बैंक को निम्न आय वर्ग की महिलाओं को ऋण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल लाभ कमाना न होकर मानवीय आधार पर देश में अव्वल आने का भी प्रयास किया जाना चाहिए।

बैंक अध्यक्ष डॉ. किरण जैन ने बैंक का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं बैंक की उपलब्धियों, विशेषताओं, आगामी योजनाओं एवं सामाजिक दायित्वों आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंक की जमाऐं 152.00 करोड़ एवं ऋण 64.45 करोड़ हो गये है। बैंक ने इस वर्ष हर क्षेत्र में प्रगति करते कुल व्यापार 217 करोड रुपये कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित