बेतिया, अगस्त 21 -- बेतिया में बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों के साथ पंचायत प्रतिनिधि समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमे बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने तथा बैंक और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय, क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार, अग्रणी बैंक प्रबंधक राजेंद्र पाण्डेय, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक कामेश्वर सिंह एवं पश्चिम चंपारण मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष रंजन वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
महाप्रबंधक श्री पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार, किसान, छोटे व्यवसायी, महिला समूह, मजदूर एवं ग्रामीण उद्यमी तक बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं पहुंचाना है। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक बैंक की ऋण एवं अन्य वित्तीय सेवाओं को तेजी से पहुंचाया जा सकता है।
श्री पांडेय ने बताया कि बिहार ग्रामीण बैंक की राज्य में 2,101 शाखाओं का विशाल नेटवर्क है और शाखाओं की संख्या के मामले में बैंक बिहार में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि व्यवसाय के आकार की दृष्टि से बैंक राज्य में तीसरे स्थान पर है। पश्चिम चंपारण जिले में 21 बैंकों की कुल 241 शाखाएं कार्यरत हैं, जिनमें बिहार ग्रामीण बैंक की 71 शाखाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिले की कुल बैंकिंग शाखाओं में बैंक की हिस्सेदारी करीब 30 प्रतिशत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित