पटना , अगस्त 28 -- िलाधिकारी कुन्दन कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त शुभम कुमार ने जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की संयुक्त बैठक में बैकों के कार्यों की समीक्षा की।बैठक में जिले में बैंकों के माध्यम से संचालित विभिन्न ऋण एवं वित्तीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अभिषेक सहित जिले के विभिन्न 34 बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित थे।
बैठक में ऋण वितरण, ऋण वसूली, सीडी रेशियो, कृषि एवं पशुपालन ऋण, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम सूर्य घर योजना, जीविका के बैंक खाते, पीएमईजीपी एवं पीएमएफएमई सहित विभिन्न योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि 25 लाख रुपये से अधिक का ऋण लेकर जानबूझकर ऋण की राशि वापस नहीं करने वाले डिफॉल्टरों की सूची सभी बैंक जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। सूची प्राप्त होने के बाद ऐसे मामलों में नीलाम पत्र वाद के माध्यम से ऋण वसूली की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत डिफॉल्टर लाभुकों की सूची भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, जिससे नियमानुसार रिकवरी की कार्रवाई की जा सके।
पशुपालन विभाग द्वारा ऋण के लिए अग्रसारित आवेदनों पर सभी बैंकों को तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पात्र किसानों को ऋण प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब न हो। प्रत्येक 15 दिन पर बैंक एवं पशुपालन विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित कर बैंकवार लंबित आवेदनों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया, जिससे अधिक से अधिक किसानों को पशुपालन गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में बैंकों के कैश डिपॉजिट रेशियो (सीडी रेशियो) की भी समीक्षा की गई। पाया गया कि पटना जिले का सीडी रेशियो 50.04 प्रतिशत है, जबकि बिहार राज्य का औसत लगभग 58 प्रतिशत है। आदर्श स्थिति में इसे 70 प्रतिशत तक होना चाहिए।
उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों को सीडी रेशियो में वृद्धि लाने के लिए ठोस प्रयास करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि बैंकों में जमा राशि का अधिकाधिक उपयोग ऋण वितरण में होने से किसानों, उद्यमियों, युवाओं एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को आर्थिक गतिविधियों के लिए पूंजी उपलब्ध होगी। इससे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा परिवार और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
समीक्षा में भारतीय स्टेट बैंक का सीडी रेशियो अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर इसमें सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित