मुंबई , मई 21 -- बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में दोपहर बाद बिकवाली बढ़ने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक शुरुआती तेजी खोकर अंत में लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स कारोबार की समाप्ति पर 135.03 अंक (0.18 प्रतिशत) की गिरावट में 75,183.36 अंक पर रहा। सुबह 627 अंक चढ़ने के बाद दोपहर में यह 323 अंक तक टूट गया था। इस प्रकार इसमें करीब 950 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी इसी तरह रहा और यह अंत में 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत नीचे 23,654.70 अंक पर बंद हुआ।

वृहत बाजार में कुल मिलाकर निवेश धारणा मजबूत रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिर गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.63 प्रतिशत ऊपर रहा।

आईटी, बैंकिंग, वित्त और एफएमसीजी सेक्टरों पर बिकवाली का दबाव रहा। रियलटी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में तेजी देखी गयी।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। बीईएल और ट्रेंट में पौने दो प्रतिशत की तेजी रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा। अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी के शेयर भी ऊपर बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित